जनपद में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक का “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” का अभियान पखवाड़ा हुआ सम्पन्न।
अल्मोड़ा। मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन. सी. तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिनाँक 17 सितंबर से जनपद के समस्त विकासखंडों में चलाए गए “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान पखवाड़ा का समापन 02 अक्टूबर 2025 को हो गया है।
जनपद के सभी विकासखंडों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारम्भ, क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। पखवाड़े में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार प्रदान किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग की गई। रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। टी.बी. के रोगियों की स्क्रीनिंग एवं जनमानस को जागरुक किया गया तथा टी.बी. मुक्त भारत हेतु आवश्यक प्रयास किए गए। मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, संचारी एवं गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, डेंगू/मलेरिया/कुष्ठ/चिकनगुनिया से बचाव हेतु परामर्श एवं जागरुकता तथा 0-5 वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण हेतु विशेष सुविधा प्रदान की गई तथा गर्भवती माताओं की प्रसव पूर्व जांच, उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, ओरल कैन्सर, खून की कमी, किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच एवं काउन्सिलिंग भी की गई। वृहद् स्वास्थ्य शिविरों में पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
जनपद में कुल 224 स्क्रीनिंग कैम्प तथा 11 वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 64706 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। हाइपर टेन्शन के 31675 तथा डायबिटीज के 30988 लोगों की जांच की गई। सर्वाइकल कैन्सर की 2603 महिलाओं तथा ब्रेस्ट कैन्सर की 9505 महिलाओं की जांच की गई। ओरल कैन्सर के कुल 18255 लोगों की स्क्रीनिंग की गई तथा 2322 महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच भी की गई। कुल 11064 किशोरियों की स्क्रीनिंग की गई, तथा उन्हें मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता अपनाए जाने हेतु सुझाव दिए गए। पौष्टिक आहार लिए जाने हेतु 4697 सत्र आयोजित किए गए। 12054 लोगों की टी.बी. की जांच की गई तथा 891 निश्चय मित्र बनाए गए। 29258 लोगों की काउन्सिलिंग की गई। 900 आयुष्मान कार्ड तथा आभा आई.डी. बनाई गई। 416 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। 3946 ब्लड डोनर पंजीकृत किए गए तथा 273 यूनिट रक्त जमा किया गया। यू.विन. पोर्टल के माध्यम से 10720 लोगों का टीकाकरण किया गया तथा 0942 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल












