विधायक के आश्वासन पर सीएचसी भिकियासैंण में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग को लेकर चल रहा धरना 11 दिन बाद हुआ स्थगित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण के रामलीला मैदान में पिछले 11 दिनों से चल रहा विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग का धरना-प्रदर्शन आज रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद स्थगित हो गया है। क्षेत्रीय जनता और आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि मांगे पूरी नहीं की गई, तो वे 11वें दिन से पुनः धरना स्थल पर बैठेंगे।
आज बुधवार को आंदोलन के 11वें दिन कुशुम लता बौड़ाई, संजय बंगारी और विपिन बिष्ट धरने पर बैठे।
समझौते में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने और “खुशियों की सवारी” जैसी सुविधाओं से संबंधित मांगों को शामिल किया गया है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपांकर डेनियल, तहसीलदार रवि शाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमजद खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम रावत, पान सिंह मावड़ी, भाजपा नेता मदन मेहरा सहित श्याम बिष्ट, कार्तिक उपाध्याय, आनंद नाथ, संजय बंगारी, नीरज बिष्ट, नितिन बिष्ट और दर्जनों महिलाएँ व पुरुष मौजूद रहे।
अंत में अखिल भारतीय किसान महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिष्ट ने नगर पंचायतवासियों और क्षेत्रीय जनता का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आम जनता को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।



