चौकोट संघर्ष समिति का आंदोलन 29वें दिन भी रहा जारी, आमरण अनशन में डटी टैक्सी यूनियन।

सल्ट विधायक महेश जीना के आश्वासन के बाद आमरण अनशन हुआ समाप्त।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे में चौकोट संघर्ष समिति की ओर से 08 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन आज रविवार को 29वें दिन भी जारी रहा। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पूरन पालीवाल और हर सिंह उर्फ ‘गागुली’ आमरण अनशन के सातवें दिन भी डटे रहे। क्रमिक अनशन में टैक्सी यूनियन के सदस्य एवं पदाधिकारी भुवन सिंह मनराल, गिरधर सिंह, नरेन्द्र सिंह, घनश्याम जोशी, विरेन्द्र नेगी, तेजपाल सिंह, रवि बंगारी, दिनेश राणा और राजकुमार शामिल रहे।

आंदोलनकारियों के समर्थन में स्याल्दे–देघाट टैक्सी यूनियन ने आज वाहन संचालन पूरी तरह बंद रखा और बड़े उत्साह के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर नारेबाजी की। आंदोलनकारी स्याल्दे तहसील को परगना घोषित किए जाने सहित सभी 08 सूत्रीय मांगों पर डटे हुए हैं।

इसी दौरान आंदोलनकारियों ने प्रशासन द्वारा दर्ज किए गए मुकदमों के विरोध में भी मोर्चा खोल दिया है। आक्रोश में यूनियन ने कल स्याल्दे बाजार बंद का एलान किया है और भव्य जुलूस निकालकर प्रशासन को चेतावनी देने की बात कही है। उधर, सात दिन से आमरण अनशन पर बैठे लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

राज्य आंदोलनकारी प्रयाग शर्मा ने कहा कि आंदोलनकारियों पर मुकदमा करना दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। यह क्षेत्र के विकास की लड़ाई है, इसलिए प्रशासन को मुकदमे वापस लेने चाहिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र रजवार ने कहा कि “बच्चा रोता है तो माँ दूध पिलाती है, दुत्कारती नहीं।” विकास मांगना सौतेला व्यवहार नहीं होना चाहिए।

टैक्सी यूनियन सलाहकार भुवन मनराल ने आरोप लगाया कि प्रशासन आंदोलनकारियों की सुध नहीं ले रहा है। ठंड में कोई व्यवस्था नहीं है, शौचालय तक उपलब्ध नहीं कराया गया है, इसलिए लोग खुले में जाने को मजबूर हैं। अलाव और अन्य जरुरतें आंदोलनकारियों को खुद ही पूरी करनी पड़ रही हैं।

धरना स्थल पर अधिवक्ता राकेश बिष्ट, ललित बिष्ट, डिकम्बर धौलाखण्डी, प्रकाश जुयाल, मनोहरी देवी, देवकी देवी, मुन्नी देवी, बसंती देवी, दौलत खाती, सोनू अग्रवाल समेत कई लोग उपस्थित रहे।

अनशन समाप्त — विधायक के आश्वासन पर आंदोलन में विराम।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। 29 दिन से जारी आमरण अनशन देर शाम समाप्त हो गया है। सल्ट विधायक महेश जीना धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की मुख्य समस्याओं पर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल देहरादून में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण समस्या को वह स्वयं मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उनके आश्वासन के बाद आमरण अनशनकारियों ने जूस पीकर अनशन समाप्त किया।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *