बाल विकास विभाग द्वारा भिकियासैंण में बाल कुपोषण मुक्त अभियान की हुई शुरुआत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण में बाल विकास विभाग ने बाल कुपोषण मुक्त अभियान की शुरुआत की है। अभियान के प्रथम चरण में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सीडीपीओ मुकेश कुमार सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि कुपोषण से लड़ने में समुदाय आधारित प्रबंधन प्रमुख भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि आँगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर घर-घर जाकर परामर्श देंगे। परामर्श के दौरान संतुलित भोजन के महत्व, पर्याप्त पोषण और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवस पर जागरुकता फैलाने तथा व्यवहारगत बदलाव लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कुपोषण के मामलों पर लक्ष्य के आधार पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा तथा पोषण ट्रैकर पर निगरानी और मासिक जाँच सुनिश्चित की जाएगी। बताया गया कि प्रशिक्षण चार चरणों में आयोजित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण शिविर में बासोट सेक्टर की 28 आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर सुपरवाइजर मंजू डंगवाल, सुपरवाइजर मालती देवी, अभिषेक, कविता सहित आँगनबाड़ी कार्यकर्तियां एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



