राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन।
लमगड़ा (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह राष्ट्रभक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य गौलीमहर के मनोज रावत मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा की गई। इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान गौलीमहर मोहन सिंह नगरकोटी तथा शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश बेलवाल भी विशिष्ट अतिथि के रुप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा स्वयंसेवकों द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया।
समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सात दिवसीय शिविर के दौरान प्राप्त अपने अनुभव भी साझा किए।
मुख्य अतिथि मनोज रावत ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों को समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अनेक सराहनीय कार्य किए। इनमें स्वच्छता अभियान, जागरुकता रैलियां, नशा उन्मूलन, स्वास्थ्य जागरुकता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर ने युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को भी मजबूत किया है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेनू जोशी ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त अनुभव स्वयंसेवकों के जीवन में आगे भी मार्गदर्शन का कार्य करेंगे और वे समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










