अल्मोड़ा में 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह आज सोमवार से हुआ शुरु।
गांधी पार्क से निकलेगा सांस्कृतिक जुलूस, पंत बोले—समाज निर्माण के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता जरुरी।
अल्मोड़ा। दो दिवसीय 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह जिला पंचायत सभागार में आज सोमवार से शुरु हो गया है। उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत राजू ने पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के गठन और समारोह को लेकर जानकारी दी।
पंत ने कहा कि उमेश डोभाल ने सदैव पत्रकार धर्म के साथ न्याय किया। वह जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सजग रहे थे। उन्होंने घुमंतू पत्रकार के रुप में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। समाज विरोधी और अराजक तत्वों ने उनकी निर्मम हत्या कर दी। जागरुक, निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के लिए 1991 में उमेश डोभाल स्मृति समिति का गठन किया गया, जिसे बाद में ट्रस्ट के रुप में पंजीकृत कराया गया।
उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से हर साल अलग-अलग श्रेणी में पुरस्कार दिए जाते हैं। आज सोमवार से जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी काफी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार आदि भागीदारी करने पहुंच रहे हैं। अल्मोड़ा की आयोजन समिति कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रयासरत है।
मंगलवार को प्रातः 11:30 बजे गांधी पार्क से सांस्कृतिक जुलूस निकलेगा। दोपहर बाद पूर्व निर्धारित विषयों पर व्याख्यान होंगे।
गोविंद पंत राजू ने नगर के पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारी संगठनों और जनपक्षीय मुद्दों को प्रखरता से उठाने वाले संगठनों एवं लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










