बाजार में आवारा घूम रहे 02 नाबालिग बच्चों को भेजा गया शिशु सदन अल्मोड़ा।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण के बाजार में आवारा घूमते नेपाली मूल के दो बच्चों को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और पैरा लीगल वॉलेंटियर के प्रयास से शिशु सदन अल्मोड़ा भेजा गया है।
कुछ महीनों से नेपाली मूल के 06 से 08 वर्ष की आयु के दो बच्चे (भाई) यहां बाजार में आवारा घूमते और लड़ते-झगड़ते देखे जा रहे थे। उनके खाने-पीने का कोई ठिकाना नहीं था। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शंकर फुलारा ने जानकारी ली तो पता चला कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और उनकी माँ घर छोड़कर चली गई है। अब दोनों बच्चे देख-रेख के अभाव में लावारिस की तरह बाजार में भटकते रहते थे। अगर किसी ने कुछ खाने को दे दिया तो खा लेते, अन्यथा मांगते फिरते और आपस में लड़ते-झगड़ते थे। कई मोटरसाइकिल चालक उनके कारण फिसलकर चोटिल भी हो चुके थे।
शंकर फुलारा ने बच्चों के पिता से बात की, तो उसने अपनी मजबूरी बताते हुए बच्चों को शिशु सदन भेजने के लिए सहमति दे दी। इसके बाद शंकर फुलारा ने पैरालीगल वॉलेंटियर हेमा पांडे, चाइल्ड केयर अल्मोड़ा और सामाजिक कार्यकर्ता विनोद घुघत्याल से संपर्क किया। चाइल्ड केयर एवं शिशु सदन अल्मोड़ा ने तत्काल संज्ञान लिया।
गत दिवस अल्मोड़ा से प्रीती बिष्ट और अंकित सुयाल की टीम बच्चों को लेने भिकियासैंण पहुंची। यहां आवश्यक कार्यवाही पूरी करने में पीएलवी हेमा पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर पंचायत कार्यालय से प्रमाण पत्र लिया गया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में मेडिकल कराया गया तथा पुलिस सत्यापन भी किया गया। इसके पश्चात दोनों बच्चों को नए कपड़े दिलवाए गए और अंततः उन्हें शिशु सदन अल्मोड़ा भेज दिया गया।
जाते समय दोनों बच्चे काफी खुश नजर आए। उन्हें देखने के लिए बाजार में कई स्थानों पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
शंकर फुलारा ने कहा कि इन दोनों बच्चों का भविष्य सुरक्षित होने से इस कार्य में लगे सभी लोगों को आत्मसंतोष मिलेगा। उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों विशेषकर हेमा पांडे, रब्बु रौतेला, बालम नाथ, दरबान बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट एवं स्टाफ, अस्पताल स्टाफ, पुलिस चौकी स्टाफ तथा चाइल्ड केयर शिशु सदन से आए स्वयंसेवक प्रीती बिष्ट और अंकित सुयाल, प्रकाश रौतेला, आनंद पधान, शिव सिंह आदि का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










