महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण व आजीविका संवर्धन पर कार्यशाला आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण की ग्राम पंचायत सनणा में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से “आजीविका के अवसरों के माध्यम से आर्थिक एवं पर्यावरणीय स्थिरता” विषय पर एक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) एवं मानसखंड हिमालयन हेरिटेज सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर दिनेश सिंह ने ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों को विकसित करने के विषय में ग्रामवासियों को विस्तृत जानकारी व मार्गदर्शन दिया। विषय विशेषज्ञ तरुण द्वारा महिलाओं को उद्यमिता विकास, स्वरोजगार के अवसरों तथा ग्रामीण आजीविका संवर्धन को सुदृढ़ करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही वक्ताओं ने यह भी बताया कि आजीविका के अवसरों के माध्यम से पर्यावरणीय स्थिरता को कैसे सुदृढ़ बनाया जा सकता है तथा इस दिशा में स्थानीय संसाधनों का सतत उपयोग कितना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सनणा के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा कार्यशाला के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

कार्यशाला में उपस्थित ग्राम प्रधान शांति देवी ने कहा कि ग्रामीण आजीविका और पर्यावरण को साथ लेकर कैसे आगे बढ़ा जा सकता है, इस विषय पर यह कार्यशाला अत्यंत उपयोगी रही। इससे ग्रामीणों को महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई तथा आजीविका संवर्धन के साथ-साथ पर्यावरणीय स्थिरता बनाए रखने के प्रति जागरुकता भी बढ़ी। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन नवीन सिंह ने किया तथा कार्यशाला में नीमा देवी, बसंती देवी, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *