ऑपरेशन प्रहार: अल्मोड़ा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, स्पा सेंटरों पर कार्रवाई।
अल्मोड़ा। नियमों की अनदेखी किए जाने पर अल्मोड़ा पुलिस ने स्पा सेंटरों पर सख्त कार्रवाई शुरु की। इस क्रम में 02 स्पा प्रबंधकों पर 5-5 हजार की चालानी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को जनपद के होटल, स्पा सेंटर, रेस्टोरेंट, सराय एवं आश्रमों में सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस क्रम में पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह के मार्गदर्शन में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा एवं प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली के नेतृत्व में एसएसआई रमेश बोरा, महिला उपनिरीक्षक बीना दोसाद मय पुलिस टीमों द्वारा अल्मोड़ा क्षेत्र के स्पा सेंटरों की जाँच की गई। व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए वैधानिक मानकों की गहन जाँच की गई।
इस दौरान M/S Seven Heaven Spa व Blue Sky Relax Spa सेंटर में गंभीर अनियमितताएं पाई गई। स्पा सेंटरों में आगंतुक ग्राहकों का कोई विधिवत रजिस्टर मेंटेन नहीं किया जा रहा था तथा ग्राहकों से पहचान पत्र नहीं लिया जा रहा था। इसके अतिरिक्त वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों स्पा सेंटरों के प्रबंधकों नेहा मिश्रा एवं वीरेंद्र सिंह के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 5-5 हजार की चालानी कार्रवाई की गई।
साथ ही पुलिस टीम द्वारा स्पा सेंटर संचालकों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि भविष्य में सभी आवश्यक अभिलेखों का विधिवत रख-रखाव किया जाए, आगंतुकों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










