राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम।
रामगढ़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पधारे उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर विश्वनाथ खाली ने छात्र-छात्राओं से कहा कि उन्हें सदैव अपने पैर जमीन पर और लक्ष्य आसमान पर रखना चाहिए। उन्होंने नशे रुपी दानव को जीवन में कभी प्रवेश न देने की भी सलाह दी तथा कहा कि मानवीय गुणों का आत्मसात ही सच्ची शिक्षा का अर्थ है।
प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा निदेशक का महाविद्यालय में आगमन संस्थान के लिए सौभाग्य की बात है। उनके आने से महाविद्यालय परिवार को प्रेरणा और नई ऊर्जा प्राप्त होगी। वहीं प्रो. माया शुक्ला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा निदेशक की सरलता और सहजता अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सरस्वती वंदना, कुमाउनी लोक नृत्य, ललिता रावत की गजल ‘कहां चिराग’ तथा दिव्या नेगी के कुमाउनी लोक नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। डॉ. हरेश राम ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण से कार्यक्रम को रोचक बनाया। महाविद्यालय का फीडबैक हिमानी आर्य, कुमकुम रतन और आरती द्वारा प्रस्तुत किया गया। क्रीड़ा प्रतियोगिता में चैंपियन ट्रॉफी पवन कुमार और नित्या साह को प्रदान की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया।
इस अवसर पर डॉ. हरीश चन्द्र जोशी, डॉ. हरेश राम, कविंद्र प्रसाद, दीप्ति, कमलेश, गणेश, प्रेम भारती, मोहिता, कमल, प्रियांशु, सारांश, पायल सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










