भिकियासैंण क्षेत्र में बढ़ती आग की घटनाओं से चिंता, पर्यावरण व स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण के आस-पास क्षेत्र में आग लगने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वातावरण गरम व दूषित हो रहा है। गर्मी का मौसम शुरु होते ही क्षेत्र में आग की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। जंगलों और आस-पास के इलाकों में लग रही आग न केवल हरियाली को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि वातावरण को भी तेजी से प्रदूषित कर रही है।

आग की इन घटनाओं के कारण हवा में धुआं और प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, जिससे आम लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आँखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका अधिक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ लोग लापरवाही या जानबूझकर आग लगा देते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे मामलों में अब तक सख्त कार्रवाई न होने से भी लोगों में नाराजगी है।

क्षेत्र के जागरुक नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि आग लगने की घटनाओं पर रोक लग सके। साथ ही लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे आग से संबंधित किसी भी गतिविधि को लेकर सतर्क रहें और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रुप ले सकती है, जिससे पर्यावरण और जनजीवन दोनों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *