देघाट थानाध्यक्ष ने स्कूली बच्चों को किया जागरुक, सुरक्षा व साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थानाध्यक्ष देघाट ने स्कूल में जाकर बच्चों को जागरुक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सामाजिक जागरुकता को बढ़ावा देने हेतु लगातार जनजागरुकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देघाट अजेंद्र प्रसाद मय पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज भाकुड़ा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ एक जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनने का महत्व बताया गया। साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा न करने की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि साइबर फ्रॉड से संबंधित जानकारी केवल स्वयं तक सीमित न रखें, बल्कि अपने घर-परिवार व आस-पास के लोगों को भी जागरुक करें, जिससे समाज में ऐसे अपराधों की रोकथाम हो सके।
बच्चों को किसी भी अनजान बाहरी व्यक्ति के साथ न जाने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने की सलाह दी गई। यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के महत्व को समझने एवं सुरक्षित यातायात नियमों को अपनाने हेतु भी प्रेरित किया गया।
नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। महिला सुरक्षा के संबंध में भी आवश्यक जानकारी देते हुए बालिकाओं को सजग एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस हमेशा आमजन के सहयोग एवं अपराधों की रोकथाम के लिए तत्पर रहती है। इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
साइबर अपराधों के प्रति हमेशा सचेत करते हुए किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत डायल 112 व साइबर अपराधों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने हेतु बताया गया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










