शादी समारोहों में नकली नोट उड़ाने का मामला, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विवाह सीजन पूरे जोर-शोर से चल रहा है, जहां एक ओर खुशियों और परंपराओं का माहौल बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती तत्व इस माहौल को खराब करने में लगे हुए हैं। भिकियासैंण क्षेत्र में हाल ही में शादी समारोहों के दौरान नकली नोट उड़ाने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ लोग बारात के दौरान दूल्हे के ऊपर या फिर डांस कर रहे लोगों पर 10 से लेकर 500 रुपये तक के नकली नोट उड़ाते हुए देखे गए। यह न केवल एक गलत प्रथा को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि भारतीय मुद्रा की गरिमा को भी ठेस पहुंचा रहा है।
बताया जा रहा है कि इन नकली नोटों पर “Full of Fun”, “Churan Label” और “Children of India” जैसे शब्द भी छपे हुए हैं। हालांकि इन्हें मनोरंजन के उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन कई बार बुजुर्ग और बच्चे इन्हें असली समझकर भ्रमित हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर खुशी जाहिर करने के लिए “फुल ऑफ फन” ही करना है, तो नकली नोटों की जगह असली नोटों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न फैले और हमारी भारतीय मुद्रा की गरिमा भी बनी रहे तथा उसका सही और सम्मानजनक उपयोग हो सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की हरकतें समाज में गलत संदेश देती हैं और युवाओं पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शादी जैसे पवित्र अवसरों को इस तरह की गतिविधियों से दूषित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की हरकतों से बचें और समाज में सकारात्मक उदाहरण पेश करें।
प्रशासन से अपील:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों और शादी समारोहों की गरिमा बनी रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










