पेट्रोल-डीजल प्रतिबंध से जुताई प्रभावित, किसान महासभा ने डीएम को भेजा ज्ञापन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा द्वारा पेट्रोल पम्पों को खुला पेट्रोल-डीजल बेचने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश के चलते किसानों को खेत जोतने में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय किसान महासभा ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन भेजा है।
भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनन्द सिंह नेगी एवं श्याम सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी के आदेश के विरोध में ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण क्षेत्रों में खेती की जुताई में आ रही अड़चन को लेकर उपजिलाधिकारी भिकियासैंण के माध्यम से जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पावर वीडर से जुताई करने वाले किसानों को पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी भूपेन्द्र अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में गौ-रक्षा कानून के चलते बैलों से खेतों की जुताई बंद हो चुकी है, जिसके कारण छोटे पावर वीडर के माध्यम से ही कुछ खेतों की जुताई हो रही है। अब बोतल और छोटे पीपों में पेट्रोल नहीं मिलने के कारण यह व्यवस्था भी बंद होने के कगार पर पहुंच गई है।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा द्वारा पेट्रोल पम्पों को बोतल या छोटे बर्तनों में पेट्रोल न देने के आदेश पर पुनर्विचार किया जाए तथा किसानों के हित में पेट्रोल-डीजल से चलने वाले पावर वीडर या अन्य उपकरणों के संचालन हेतु ईंधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










