भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर पर्यटक बस हादसा, 14 घायल; पाँच की हालत गंभीर।
हल्द्वानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दोपाखी के पास अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर आ रही सैलानियों से भरी पर्यटक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 14 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी के साथ चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत गरमपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पाँच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री अल्मोड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होकर हल्द्वानी लौट रहे थे। यात्रियों में राजस्थान, कोलकाता और पंजाब के पर्यटक शामिल हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह बस अल्मोड़ा से वापस कैंची धाम पहुंच गई थी, लेकिन बस चालक अपना मोबाइल गरमपानी में भूल गया था, जिस कारण उसने बस वापस गरमपानी की तरफ मोड़ दी। इसी दौरान चौपाखी के पास यह हादसा हो गया। हादसे का एक कारण सड़क पर अचानक जंगली जानवर का आना भी बताया जा रहा है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










