तल्लीताल क्षेत्र में बाघ के हमले से युवक की मृत्यु, एसएसपी नैनीताल ने परिजनों को दी सांत्वना।

तल्लीताल (नैनीताल)। थाना तल्लीताल में ग्राम भद्मुनी, ज्योलीकोट क्षेत्र से संबंधित जानकारी प्राप्त हुई कि कमल सिंह बिष्ट पुत्र इन्दर सिंह बिष्ट, उम्र लगभग 32 वर्ष, निवासी भद्युनी पोस्ट काठगोदाम, थाना तल्लीताल, नैनीताल को दिनांक 23 अप्रैल 2026 की रात्रि में बाघ द्वारा शिकार बना लिया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा/अन्य कार्यवाही उपरांत पोस्टमार्टम हेतु सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।

घटना के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. मोर्चरी पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मिले तथा गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

एसएसपी नैनीताल द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में गश्त एवं सतर्कता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी सतर्क रहने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने हेतु जागरुक किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *