खटलगाँव में जन मिलन कार्यक्रम, विधायक ने गाँव के विकास का दिलाया भरोसा।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के नजदीकी ग्राम सभा खटलगाँव में जन मिलन विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां गाँव के विकास को लेकर ग्रामवासियों के लिए प्रवासी मिलन कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सल्ट विधायक महेश जीना व विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्राम प्रधान हेमा गोस्वामी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के गाँव में पहली बार कोई विधायक पहुंचे और गाँव का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि अब तक विकास कार्यों से अछूते रहे गाँव की तस्वीर बदलने के लिए खटलगाँव, क्वाटा और खरका गाँव को मोटर मार्ग से जोड़ा जाएगा तथा अन्य विकास कार्यों के लिए भी पूर्ण प्रयास किए जाएंगे। साथ ही गाँव के वाद्य यंत्र वादकों को नए वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने की बात कही गई, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर रोक लगेगी।
इस दौरान महिलाओं व स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें झोड़ा-चांचरी सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश पंत व महामंत्री सुरेन्द्र घुघत्याल ने किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुदन लाल, ग्राम प्रधान तिमली भगवती विष्ट, जयपाल सिंह मनराल, पूरन सिंह बंगारी, गोकुल सिंह मनराल, चंदन गिरी, प्रेम गिरी गोस्वामी, पूर्व प्रमुख राधा रमण उप्रेती, हरीराम आर्या सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










