मासिक अपराध समीक्षा बैठक: पुलिस आचरण, पारदर्शिता और समयबद्ध विवेचना पर विशेष जोर।
हल्द्वानी (नैनीताल)। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा पुलिस लाइन नैनीताल के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी पर्यटन सीजन एवं माह-मार्च के अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत सभी थानों में कर्मचारियों के सम्मेलन से हुई, जिसके उपरांत समस्त थाना प्रभारियों (SHO), फायर सर्विस, ट्रैफिक, पीएसी एवं होमगार्ड के अधिकारियों/कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रुप से पुलिस के आचरण एवं व्यवहार को प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया गया कि आमजन के साथ संवाद करते समय पुलिस कर्मियों का व्यवहार शालीन एवं संवेदनशील होना चाहिए। विशेष रुप से स्पष्ट किया गया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर जनता से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस के आचरण एवं व्यवहार को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इस पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए। यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पुलिस कर्मियों का व्यवहार, अनुशासन एवं कार्यशैली आमजन एवं पर्यटकों के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण हो, जिससे पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि प्रस्तुत हो सके तथा पर्यटकों को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि ड्यूटी के दौरान उत्पन्न किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में पुलिस प्रशासन अपने कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा, किन्तु अनुशासनहीनता एवं नशे की स्थिति में दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अपराध समीक्षा के दौरान थाना प्रभारियों को CCTNS पोर्टल के प्रभावी उपयोग हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर कार्यप्रणाली सुधारने एवं बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने पर जोर दिया गया, जिससे भारत सरकार द्वारा की जाने वाली मॉनिटरिंग में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
विवेचनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी जाँच अधिकारी (IO) निर्धारित समयसीमा के भीतर विवेचनाएं पूर्ण करें। विशेष रुप से 7 वर्ष से कम सजा वाले मामलों, जैसे एक्साइज एक्ट, विद्युत अधिनियम एवं सड़क दुर्घटना संबंधी प्रकरणों में अनावश्यक विलंब पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।
यह भी निर्देशित किया गया कि कोई भी अधिकारी जानबूझकर विवेचना लंबित नहीं रखेगा। सीसीटीएनएस प्रणाली में प्रत्येक केस की समयसीमा निर्धारित है, जिसके अनुरुप ही विवेचना पूर्ण करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समयसीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई के साथ वेतन/प्रदर्शन से संबंधित दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है तथा इन मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने हेतु एसएसपी नैनीताल ने सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें व.उ.नि. रोहिताश सागर, उ.नि. मनोज नयाल, उ.नि. सतीश उपाध्याय, म.उ.नि. बबीता, अ.उ.नि. सुनील कुमार, म.कानि. पूनम जोशी, कानि. परमजीत सिंह, उ.नि. कृष्ण सिंह रावत, उ.नि. मनोज कुमार, एएसआई एम एस पाठक, हेड कानि. कुन्दन कठायत, हेड कानि. महेश गिरी, हेड कानि. दीपक पंत, कानि. धीरज सुगड़ा, कानि. रोहित, म.कानि. कमला कन्याल, फायरमैन मनोज भट्ट, म.कानि. अनुराधा रौकली, कानि. मो. यासीन, कानि. लक्ष्मण राम, LFM प्रकाश मेर, FW बीना परिहार, FM बलवंत सिंह, म.कानि. भूमिका थापा, म.कानि. नूतन तिवारी, कानि. आशीष, कानि. चंद्रशेखर, अ.उ.नि. परविंदर राणा, अ.उ.नि. गोपाल पंत, म.कानि. संदीप रानी, कानि. करण सिंह दानू, ओपी आनंद सिंह बिष्ट एवं अनुचर दीपा बिष्ट शामिल रहे।
गोष्ठी के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ (प्रशिक्षु) श्री विनय सिंह, सीओ (प्रशिक्षु) अंकित थपलियाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक एलआईयू ज्ञानेंद्र शर्मा समेत सभी थाना/शाखा/यातायात/सीपीयू प्रभारी/पीएसी प्रभारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










