द्वाराहाट में बीईओ वंदना रौतेला की समीक्षा बैठक, शैक्षिक गुणवत्ता व योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर।

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। खंड शिक्षा अधिकारी द्वाराहाट वंदना रौतेला द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज द्वाराहाट के सभागार में विकासखंड के अंतर्गत संचालित समस्त राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, छात्र हितकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। बैठक में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई।

शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों में रा.बा.इ.का. उभ्याड़ी, रा.उ.मा.वि. इड़ा चौधार, रा.उ.मा.वि. कुंस्यारी, आदर्श इंटर कॉलेज सुरईखेत, रा.उ.मा.वि. छतीनाखाल, रा.उ.मा.वि. कुंवाली, रा.इ.का.मजखाली, रा.इ.का. महतगाँव, रा.बा.इ.का. पारकोट एवं रा.इ.का. बटूलिया की सराहना की गई, जबकि अन्य विद्यालयों को परीक्षा परिणाम सुधार हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यार्थियों के नियमित मूल्यांकन, अतिरिक्त कक्षाओं, विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन एवं कमजोर छात्रों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था पर बल दिया गया। वर्तमान मौसम को दृष्टिगत रखते हुए हीट वेव से बचाव हेतु विद्यालयों में पेयजल, प्राथमिक उपचार, वेंटिलेशन एवं समयानुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वनाग्नि की घटनाओं के मद्देनजर विद्यालयों के माध्यम से जनजागरुकता अभियान चलाने एवं आपदा प्रबंधन से समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

वहीं आगामी 07 मई 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों का समयबद्ध चयन एवं आवेदन कराने पर विशेष बल दिया गया।

मिशन कोशिश एवं मिशन कर्मयोगी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता एवं शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने, नामांकन अभियान चलाने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः नामांकित करने पर भी बल दिया गया। विद्यालय में छात्र नामांकन बढ़ाने वाले प्रधानाचार्यों को विशेष रुप से सम्मानित किया गया।

बैठक में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों, पीएम पोषण योजना के सुचारु संचालन, प्रयोगशालाओं एवं पुस्तकालयों के उपयोग, विद्यालय अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयकों के निस्तारण पर भी चर्चा की गई।

अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। सभी शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर परीक्षा परिणाम एवं छात्र हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही समाज में सरकारी शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *