वल्मरा-केदार मोटर मार्ग बदहाल, विभागीय अनदेखी पर जनप्रतिनिधियों में रोष।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के अंतर्गत केदार-स्याल्दे-वल्मरा मोटर मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की तानाशाही इस कदर बढ़ गई है कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन तक उठाने को तैयार नहीं हैं। 17 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क मात्र 07 वर्षों में ही खस्ताहाल हो गई है।

बरसात के बाद सड़क कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क का डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और कई जगहों पर शोल्डर भी टूट गए हैं, जिससे दुपहिया वाहन कई बार फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। तलाई गाँव के समीप सड़क का एक हिस्सा बह जाने से भारी वाहनों को भी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। हर बार “स्टीमेट प्रक्रिया चल रही है” का बहाना बनाया जाता है। अब स्थिति यह है कि अधिकारी फोन उठाने तक को तैयार नहीं हैं, जो जनहित के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उक्त सड़क मुख्य रुप से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। इस मार्ग पर सबसे अधिक वाहनों की आवाजाही रहती है। यह सड़क स्याल्दे विकासखंड की ग्राम सभाओं खटलगाँव, महंग्यारी, तलाई, सटेड़, अफौ, रोटापानी, परथोला सहित मासी, चौखुटिया, भिकियासैंण और जिला मुख्यालय जाने के लिए सबसे नजदीकी मार्ग है। रोजाना दर्जनों वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।

जनप्रतिनिधि ग्राम प्रधान अफौ अनूप सिंह, प्रधान सटेड़ हेमंत बिष्ट, प्रधान महंग्यारी लीला गोस्वामी, प्रधान खटलगाँव हेमा गोस्वामी, प्रधान तिमली भगवती विष्ट और प्रधान तलाई सोनिया रानी समेत अन्य लोगों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंदन लाल ने कहा कि विभाग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से लगातार सड़क की समस्या उठा रहे हैं। यह उनके गाँव क्षेत्र की सड़क है और इसकी हालत बेहद खराब है। आए दिन दोपहिया वाहन फिसलते रहते हैं। विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद अनसुनी की जा रही है। उन्होंने सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग की।

ब्लॉक प्रमुख स्याल्दे मथुरा दत्त ने कहा कि सड़क की हालत अत्यंत खराब है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस विषय में विभागीय अधिकारियों से बात करनी चाही तो वे सुनने को तैयार नहीं हुए। यदि अधिकारियों का यही रवैया रहा तो उनके खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा।

तहसीलदार स्याल्दे सुनील दत्त सिमल्टी ने कहा कि यह तहसील मुख्यालय की महत्वपूर्ण सड़क है और इसका सही स्थिति में रहना आवश्यक है। केदार से स्याल्दे के बीच सड़क का बुरा हाल है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा तथा केदार-वल्मरा मोटर मार्ग को जल्द ठीक कराने की मांग की जाएगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *