मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई।
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले शीर्ष 11 विभागों के अधिकारियों के साथ शिकायत निस्तारण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को अपनी प्रगति प्रदर्शित करने हेतु 03 दिवस का समय प्रदान करते हुए स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की ओर से कोई भी अधिकारी अथवा प्रतिनिधि प्रतिभाग नहीं कर पाया, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकता से जुड़ी व्यवस्था है तथा जनता की समस्याओं के समाधान में सभी विभागों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण ही प्रशासन की जवाबदेही और पारदर्शिता को दर्शाता है।



