जनगणना 2027 : घर-घर पहुंचकर जुटाई जाएगी हर जरुरी जानकारी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। देशभर में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार भवनगणना के दौरान प्रगणक नागरिकों से कुल 33 महत्वपूर्ण सवाल पूछेंगे, जिनमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, पेयजल, शौचालय, बिजली, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन, रसोई व्यवस्था और परिवार के सदस्यों से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। जनगणना का उद्देश्य देश की सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है, ताकि भविष्य की योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकें।

इसी जनजागरुकता के उद्देश्य से प्रगणक कृपाल सिंह शीला द्वारा जनगणना 2027 को लेकर एक जागरुकता कविता लिखी गई है, जिसमें भवनगणना के दौरान पूछे जाने वाले महत्वपूर्ण प्रश्नों को सरल और रोचक शैली में प्रस्तुत किया गया है।

“जनगणना की दस्तक”
(जनगणना – 2027)

भारत की भवनगणना 2027 में,
पूछने हैं तैंतीस सवाल।
किस चीज से बने हैं भवन,
कैसा है भवनों का हाल।।

फर्श किसकी बनी है,
मिट्टी लकड़ी ईंट सीमेंट।
दीवार ईंट या पत्थर मसाला गारा,
छत कंक्रीट से टाइल्स लगा है सारा।।

मकान का उपयोग रहने को,
या उसमें चल रही दुकान।
परिवार में घर पर कितने सदस्य हैं,
क्या है मुखिया का नाम।।

घर की मुखिया महिला है,
पुरुष है या फिर ट्रांसजेंडर।
किस श्रेणी में आते हो,
मकान है किसके अंडर।।

घर में कितने कमरे हैं,
कितने विवाहित हैं जोड़े।
मुख्य स्रोत क्या है पेयजल,
हैंडपंप कुआँ ट्यूबवेल या नल।।

शौचालय घर के अंदर है,
या फिर घर के बाहर।
बिजली कैरोसिन सौर ऊर्जा,
किससे प्रकाशित होता घर।।

पीने का पानी कब-कब आता,
नल हैंडपंप कुआँ प्रकार बताना।
अपशिष्ट जल की निकासी कैसे,
सीवर सोकपिट नाली बनाए हैं लोग।।

स्नान को निजी बाथरुम हैं,
या सामुदायिक का कर रहे उपयोग।
रसोई घर के अंदर या बाहर,
भोजन कहाँ होता तैयार।।

रेडियो/ट्रांजिस्टर है या नहीं,
मुझे बता दो एक बार।
घर में टेलीविजन रंगीन है,
या फिर है ब्लैक एंड व्हाइट।।

इंटरनेट सुविधा कंप्यूटर उपलब्धता,
कृपाकर उत्तर दीजिएगा राइट।
टेलीफोन/मोबाइल फोन है,
या स्मार्टफोन है साधारण।।

इंटरनेट सुविधा मोबाइल में,
हमें जुटाना सही विवरण।
साइकिल स्कूटर मोटरसाइकिल,
कार जीप वैन जो हो तुम्हारे पास।।

इसकी जानकारी हमें बता दो,
जो आपका सफर बनाए खास।
चावल गेहूँ बाजरा मक्का अन्य,
मुख्य रुप से क्या खाते हो अनाज।।

अंत में मोबाइल नंबर बता दो,
मेरा भी पूरा होवे काज।।

जनगणना से जनकल्याण में,
महारजिस्ट्रार जनगणना अधिकारी।
सफल बनाना राष्ट्रीय कार्यक्रम को,
हम भारतवासियों की है जिम्मेदारी।।

चार्जअधिकारी एफटी सुपरवाइजर ईएन,
सब कर्त्तव्यनिष्ठ हों जुटे हैं दिन रात।
आँकड़े देश के विकास में सहायक,
भारत उन्नति करेगा होगा नव प्रभात।।
——————०——————-

रचनाकार: कृपाल सिंह शीला (स.अ.)
रा.जू.हा. मुनियाचौरा, क्षेत्र – भिकियासैंण (अल्मोड़ा)

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *