किशोरी बालिकाओं हेतु आयोजित पाँच दिवसीय “किशोरी मंच” कार्यशाला का हुआ समापन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। समता, भारत ज्ञान विज्ञान समिति-अल्मोड़ा द्वारा एडम्स इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में किशोरी बालिकाओं हेतु आयोजित पाँच दिवसीय अभिव्यक्ति कार्यशाला “किशोरी मंच” का समापन कॉलेज की प्रधानाचार्या एस. एम. सिंह की अध्यक्षता एवं प्रो. आराधना शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यशाला का आयोजन प्रो. विजया रानी ढौंढ़ियाल तथा भगवती गुसाँई के संयुक्त नेतृत्व एवं डॉ. संगीता पवार, संयोजक महिला अध्ययन केन्द्र, एस. एस. जे. विश्वविद्यालय-अल्मोड़ा के सहयोग से किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्या ने बालिकाओं की उत्साहवर्धक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि कक्षा-कक्ष से अलग विद्यालयों में आयोजित कौशल विकास कार्यशालाएँ बालिकाओं के जीवन की गुणवत्ता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्य अतिथि प्रो. आराधना शुक्ला ने बालिकाओं हेतु कौशल विकास कार्यक्रमों के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयु में सीखा गया कौशल भावी जीवन में चुनौतियों का सामना करने के लिए किशोरियों को सशक्त बनाता है।

बीजीवीएस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने समता, भारत ज्ञान विज्ञान समिति के शैक्षिक विकास कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। समता संयोजिका भगवती गुसाँई ने बदलते परिवेश में बालिकाओं हेतु क्षमता विकास कार्यक्रमों की सार्थकता पर बल दिया।

पाँच दिवसीय कार्यशाला में किशोरावस्था विकास की चुनौतियों, शिक्षा, प्रजनन स्वास्थ्य, लैंगिक असमानता, परिवार एवं समाज का बालिकाओं के प्रति दृष्टिकोण, अवसरों की उपलब्धता, घरेलू हिंसा, परामर्श, सेल्फ एस्टीम, तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, संप्रेषण कौशल, नेतृत्व विकास एवं ऐसर्टिव बिहेवियर जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही कहानी एवं कविता लेखन, पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक मंचन तथा जनगीतों के अभ्यास जैसी कौशल विकास गतिविधियों में कक्षा 8 एवं 9 की किशोरियों ने प्रतिभाग किया।

किशोरी बालिकाओं की अकादमिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को हस्तलिखित पत्रिका “किशोरी मंच” अंक-3 में संकलित किया गया, जिसका लोकार्पण एडम्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या द्वारा किया गया। कार्यशाला के 9 सत्रों में अध्यक्षता, संचालन एवं आख्या प्रस्तुतीकरण का उत्तरदायित्व स्वयं बालिकाओं ने निभाया।

कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. विजया ढौंढ़ियाल, जिलाध्यक्ष बीजीवीएस अल्मोड़ा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, मंचस्थ अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में बालिकाओं ने स्वरचित कहानियों एवं कविताओं की प्रस्तुति दी तथा नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया। कार्यक्रम का संचालन नीरज पंत ने किया। समारोह में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद तिवारी, प्रदेश सचिव नीरज पंत, ज़िला कोषाध्यक्ष अशोक पंत, जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह गैड़ा, एडम्स इंटर कॉलेज की प्राध्यापिकाएँ एवं कक्षा 6 से 12 तक की छात्राएँ उपस्थित रहीं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *