वैश्विक संकट के बीच राष्ट्रहित में नैनीताल पुलिस की अनूठी पहल।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. पैदल पहुंचे कार्यालय, ईंधन संरक्षण का दिया संदेश।
हल्द्वानी (नैनीताल)। पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक संकट के चलते ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरकों की आपूर्ति पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मितव्ययता और ईंधन संरक्षण हेतु किए गए आह्वान तथा मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशवासियों से की गई अपील को धरातल पर उतारते हुए नैनीताल पुलिस ने एक अनुकरणीय पहल की शुरुआत की है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने आवास से हल्द्वानी स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचकर ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। उनके इस कदम ने न केवल पुलिस विभाग बल्कि आम जनता के बीच भी सकारात्मक संदेश प्रसारित किया है।
अधीनस्थों को ‘कार-पूलिंग’ के निर्देश, जनता से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील:
एसएसपी नैनीताल ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यालय आने-जाने के लिए साझा वाहन का उपयोग करें तथा निजी वाहनों का न्यूनतम इस्तेमाल करें। साथ ही सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान सुनिश्चित किया जा सके।
एसएसपी नैनीताल ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। राष्ट्रहित और भविष्य की सुरक्षा के लिए सभी नागरिक इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाने, पेट्रोल-डीजल से संचालित वाहनों के अनावश्यक प्रयोग से बचने तथा आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करने की अपील की।



