नगर पंचायत भिकियासैंण में आवारा कुत्तों का आतंक, लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण सहित आस-पास के क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बाजार, मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में घूम रहे आवारा कुत्ते राह चलते लोगों पर झपटने को तैयार रहते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार कुत्तों के झुंड बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि नगर पंचायत और प्रशासन को पहले भी इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। लोगों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि जिन परिवारों के पास पालतू कुत्ते हैं, उनका नगर पंचायत स्तर पर पंजीकरण किया जाए। पालतू कुत्तों के मालिकों को पहचान-पत्र या विशेष कार्ड जारी किए जाएं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित घर में पालतू कुत्ता है। लोगों का कहना है कि इससे आवारा और पालतू कुत्तों की पहचान करने में आसानी होगी तथा जिम्मेदारी भी तय की जा सकेगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए राहत दिलाने की मांग की है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *