महिला सुरक्षा व साइबर जागरुकता को लेकर अल्मोड़ा पुलिस का विशेष जागरुकता अभियान।

अल्मोड़ा। महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, मानव तस्करी, गौरा शक्ति एप, पोक्सो एक्ट एवं महिला सुरक्षा कानूनों को लेकर अल्मोड़ा पुलिस द्वारा छात्रावासों एवं पीजी में विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के दिशा-निर्देशन में प्रभारी महिला कोतवाली एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग प्रभारी जनपद अल्मोड़ा जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम द्वारा यह अभियान संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी एवं महिला होमगार्ड दीपा जोशी द्वारा शैलजा छात्रावास, जियारानी छात्रावास अल्मोड़ा एवं भव्या पीजी में जाकर छात्राओं एवं स्टाफ को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया।

इस दौरान छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (मानव तस्करी), गौरा शक्ति एप, पोक्सो एक्ट, दहेज उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन ठगी से बचने, अनजान लिंक एवं कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं सहायता हेतु संचालित डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *