हूटर के टशन में स्कॉर्पियो चलाना चालक को पड़ा भारी, लमगड़ा पुलिस ने मौके पर उतरवाकर किया चालान।
“UP में चलता है हूटर” बहाना नहीं आया काम, पुलिस ने पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ।
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपदभर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मोरनौला नरेश कोहली मय पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन में अनाधिकृत रुप से हूटर का प्रयोग करते हुए पाया गया। पूछताछ में चालक द्वारा बताया गया कि “UP में तो हूटर चलता है”, जिस पर पुलिस टीम द्वारा स्पष्ट किया गया कि उत्तराखंड में यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही वाहन से हूटर हटवाया गया तथा चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वाहन में अनाधिकृत हूटर, फ्लैशर एवं मॉडिफिकेशन का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।



