दुःख की इस घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ : जिलाधिकारी अंशुल सिंह।

सल्ट/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट क्षेत्र के दूरस्थ तड़म गाँव में बीते दिनों वन्यजीव के हमले की एक अन्य घटना में अपनी जान गंवाने वाले स्वर्गीय खीम सिंह के परिवारजनों से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचकर उनका दुःख साझा किया तथा भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा है।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को अस्थायी रुप से तहसील में नियोजित किए जाने का आश्वासन दिया, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर व्यक्त की गई चिंता पर जिलाधिकारी ने गाँव के आस-पास सुरक्षा की दृष्टि से चेन लिंक फेंसिंग कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि इसका आगणन तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। साथ ही कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान गाँव तक सड़क मार्ग निर्माण में आ रहे विवादों की भी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से विवाद का शीघ्र निस्तारण कर मार्ग निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाए। साथ ही इस सड़क मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत लिए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी सल्ट रिंकू बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, तहसीलदार आबिद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *