जिलाधिकारी ने तड़म पहुंचकर दिया मानवीय संवेदनशीलता का परिचय, अधिकारियों को दिए निर्देश।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने विकासखंड सल्ट के अंतर्गत ग्राम बोरड़ा तोक स्थित तड़म गाँव पहुंचकर मानव-वन्यजीव संघर्ष में मृतक ग्रामीण महिपाल सिंह के परिजनों से मुलाकात कर दुःख साझा किया। बीते दिनों हुई दुःखद घटना के बाद गुरुवार को गाँव पहुंचे जिलाधिकारी ने यह संदेश दिया कि शासन-प्रशासन केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने परिवार की एक बेटी को अस्थाई रुप से तहसील कार्यालय सल्ट में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रुप में तैनात करने के निर्देश उपजिलाधिकारी सल्ट को दिए। वहीं दूसरी बेटी को शिक्षक स्वयंसेवक के रुप में अस्थाई नियोजन दिए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि इस दुःखद घटना के बाद परिवार को संबल मिल सके तथा बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ विस्तृत संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने वन्यजीवों के बढ़ते खतरे, आवागमन की कठिनाइयों, पेयजल संकट तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी से उन्हें अवगत कराया।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे ग्राम क्षेत्र में चेन लिंक फेंसिंग कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को जंगली जानवरों के खतरे से सुरक्षा मिल सके। साथ ही तड़म से भौनखाल तक मार्ग के सुधारीकरण एवं मार्ग पर सोलर लाइट लगाए जाने के निर्देश भी दिए, जिससे बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके तथा रात्रि के समय सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही वन विभाग को क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों के लिए गधेरे से गाँव तक पेयजल लाइन बिछाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए, जिससे ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कुमेरिया से बोरड़ तक सड़क निर्माण कार्य में भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के गाँव पहुंचने, पैदल चलकर उनकी समस्याओं को समझने तथा संवेदनशीलता के साथ समाधान का भरोसा देने पर उनका आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी अल्मोड़ा दीपक सिंह, एसडीएम सल्ट रिंकू बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, तहसीलदार आबिद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *