जेसीबी चालक की करंट लगने से दर्दनाक मौत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण अंतर्गत राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र सिंगोली के रिखाड़ क्षेत्र में गगास नदी के समीप निर्माणाधीन गौशाला में कार्य कर रहे एक जेसीबी चालक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है।
राजस्व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 7 बजे 43 वर्षीय जगत सिंह उर्फ जगदीश जलाल पुत्र उदय सिंह, निवासी ग्राम भैंसोली, थाना रानीखेत, जो पेशे से जेसीबी चालक थे, रिखाड़ क्षेत्र में गगास नदी स्थित रक्षेश्वर महादेव मंदिर के निकट जिला पंचायत द्वारा निर्माणाधीन सरकारी गौशाला में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक करंट लग गया।
घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी भिकियासैंण लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नायब तहसीलदार आबिद अली ने बताया कि जगत सिंह को पानी की मोटर ठीक करते समय करंट लगा, जिससे उनकी मौत हो गई।
राजस्व पुलिस ने शुक्रवार को पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया।
बताया जा रहा है कि इस स्थान पर पूर्व में भी गौशाला बनाई गई थी, लेकिन क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा उसे बंद कर दिया गया था। अब सरकार द्वारा उसी गौशाला के समीप लाखों रुपये की लागत से नई गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण स्थल गगास नदी के तट से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



