ककलासों महोत्सव को भव्य बनाने में जुटे क्षेत्रवासी, चौनलिया में सजने लगी सांस्कृतिक नगरी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। ककलासों पट्टी में पहली बार आयोजित होने जा रहे ककलासों महोत्सव-2026 को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। 30 और 31 मई को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, सजावट, विद्युत व्यवस्था और दर्शकों के बैठने की तैयारियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है।
महोत्सव को लोक संस्कृति और क्षेत्रीय प्रतिभाओं के संगम के रुप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे, वहीं स्थानीय युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन समिति लगातार गाँव-गाँव संपर्क कर लोगों को महोत्सव से जोड़ने में जुटी हुई है।
आयोजन के दौरान नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम लोगों की स्वास्थ्य जाँच करेगी। महोत्सव में क्षेत्र की पारंपरिक लोक संस्कृति, खान-पान और आपसी एकता की झलक देखने को मिलेगी।
ककलासों एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के सहयोग से महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पहली बार होने जा रहे इस आयोजन को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



