मुख्यमंत्री धामी की अपील का असर: सड़कों को छोड़ पूरी आस्था के साथ केवल मस्जिदों व ईदगाहों के भीतर हुई नमाज।
सौहार्द और अनुशासन की मिसाल: एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल प्रबंधन व जनता के सहयोग से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बकरीद का पर्व।
हल्द्वानी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा सड़कों के बजाय मस्जिदों एवं ईदगाहों में ही नमाज अदा करने के आह्वान का जनपद नैनीताल में व्यापक और सकारात्मक असर देखने को मिला। मुख्यमंत्री धामी की इस अपील को सार्थक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को पुख्ता एवं संवेदनशील प्रबंधन के सख्त दिशा-निर्देश दिए गए थे।
आपसी सहयोग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया पर्व:
आदेशों के अनुपालन में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने जमीनी स्तर पर कमान संभाली। पुलिस प्रशासन द्वारा नमाजियों की प्रत्येक सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए स्थानीय मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध नागरिकों एवं धर्मगुरुओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया गया। इसी आपसी समन्वय एवं सहयोग का परिणाम रहा कि पूरे जनपद में बकरीद का पर्व अभूतपूर्व शांति, गरिमा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
बनभूलपुरा समेत पूरे जिले में दिखी अनुशासन और सौहार्द की नई तस्वीर:
स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि पूर्व में बनभूलपुरा क्षेत्र में नमाजियों द्वारा सड़कों पर नमाज अदा की जाती रही है। परंतु मुख्यमंत्री धामी की इस पहल के बाद जनपद में पहली बार एक अनुकरणीय मिसाल कायम हुई। प्रशासन, पुलिस, मुस्लिम धार्मिक प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संवाद, पीस कमेटी की बैठकों में बनी आपसी सहमति तथा एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में पुलिस के कुशल प्रबंधन के चलते हल्द्वानी के बनभूलपुरा, रामनगर, नैनीताल सहित पूरे जिले में सभी मुस्लिम भाइयों ने सड़कों को छोड़कर पूरी आस्था के साथ केवल मस्जिदों एवं ईदगाहों के भीतर ही नमाज अदा की।
नमाज अदा करने के उपरांत सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद पर्व की मुबारकबाद दी तथा भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
इस ऐतिहासिक प्रबंधन एवं उत्कृष्ट व्यवस्था के चलते सभी मुस्लिम भाइयों को नमाज अदा करने में पूरी सुविधा प्राप्त हुई तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।



