राज्यपाल प्रशंसा पत्र से सम्मानित पूर्व सैनिक का हरनोली में भव्य स्वागत, ग्रामवासियों ने जताया गर्व।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राज्यपाल प्रशंसा पत्र से सम्मानित होने के बाद हरनोली निवासी पूर्व सैनिक एवं पूर्व सैनिक संगठन भिकियासैंण से जुड़े वरिष्ठ सदस्य का क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। गाँव हरनोली पहुंचने से पूर्व टानी में पूर्व सैनिक संगठन भिकियासैंण तथा क्षेत्रीय लोगों ने उनका सम्मान किया।
इसके बाद ग्राम सभा हरनोली के पंचायत भवन में आयोजित स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और सम्मान समारोह के माध्यम से अभिनंदन किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने राज्यपाल प्रशंसा पत्र प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे ग्राम सभा के लिए गौरव और सम्मान का विषय बताया।
उन्होंने बताया कि देहरादून में आयोजित मध्य कमान अलंकरण समारोह में चीफ ऑफ सेंट्रल कमांड लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता द्वारा पहली बार उत्तराखंड के चार पूर्व सैनिकों को सेवानिवृत्ति के बाद समाज में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान को प्राप्त करने पर उन्होंने उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने सामाजिक कार्यों में उनका सहयोग और उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने माँ गिरिजा देवी और माँ भगवती दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए पूर्व सैनिक संगठन भिकियासैंण, सैनिक संगठन उत्तराखंड, अपने साथियों तथा 16 कुमाऊँ रेजीमेंट के पदाधिकारियों का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
सम्मानित पूर्व सैनिक ने इस अवसर पर सभी ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। स्वागत समारोह में ग्राम प्रधान, महिला मंगल दल की अध्यक्ष, नवयुवा मंगल दल के सदस्य, बुजुर्ग, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।



