राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में दोहराया गया नशा मुक्ति का संकल्प।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में विश्व तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध समिति द्वारा जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज में बढ़ती नशे की लत पर चिंता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रुप में डॉ. दीपा लोहानी ने कहा कि कैंसर से होने वाली कुल मौतों में लगभग 30 प्रतिशत मौतें केवल तंबाकू सेवन के कारण होती हैं। उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिदिन 3500 से अधिक लोग तंबाकू सेवन के कारण अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शर्मिला सक्सेना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध समिति के प्रभारी डॉ. सुभाष चंद्र ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



