विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्ष वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन राजकीय जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक (विज्ञान) कृपाल सिंह शीला द्वारा किया गया।

इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 35 बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अपनी अभिव्यक्तियों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग ताड़ीखेत तथा तत्वा हिल्स तराड़ी, सल्ट द्वारा विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार, औषधीय एवं चारा प्रदायक वृक्षों की उपलब्धता कराई गई। विद्यालय के बच्चों ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं वृक्ष भेंट कर किया।

इसके उपरांत सृजन अकादमी स्यालकोट की छात्राओं मानवी एवं तृप्ति ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गीत पर पारंपरिक वेशभूषा में सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि यशपाल सिंह एवं महेश चन्द्र (तत्वा हिल्स, तराड़ी) ने बच्चों से पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने तथा पृथ्वी पर बढ़ रहे तापमान को नियंत्रित करने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी ने जंगलों में आग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि जंगलों में लगने वाली आग से वनौषधियां तथा जीव-जंतु झुलसकर और जलकर नष्ट हो जाते हैं।

ताड़ीखेत वन प्रभाग से वन दरोगा नरेश कुमार एवं जगतराज ने विश्व पर्यावरण दिवस के आयोजन की सराहना करते हुए सभी से अमूल्य निधि स्वरुप वनों को बचाने का अनुरोध किया।

बासोट के प्रधान प्रतिनिधि नन्दन सिंह भंडारी, बूंगा नौरड़ के ग्राम प्रधान चंदन सिंह कड़ाकोटी तथा बिनोली की ग्राम प्रधान कृष्णा देवी ने भी बच्चों को वृक्षों के महत्व से संबंधित ज्ञानवर्धक जानकारी दी।

चित्रकला प्रतियोगिता में सृजन अकादमी स्यालकोट के गजेन्द्र सिंह (कक्षा-5) ने प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत की चित्रा (कक्षा-10) ने द्वितीय तथा इंटर कॉलेज बासोट के रोहित लोहिया (कक्षा-7) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यशपाल सिंह ने की तथा संचालन कार्यक्रम संयोजक कृपाल सिंह शीला द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए संयोजक कृपाल सिंह शीला ने तत्वा हिल्स के ऑनर चोपड़ा, कार्यकारी प्रबंधन आनंद सिंह बिष्ट, वन प्रभाग ताड़ीखेत के रेंजर दीपक कुमार तिवारी, रेंजर कुन्दन सिंह बिष्ट तथा अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पदम सिंह शीला, प्रेम प्रकाश, रामदत्त उप्रेती, रीना देवी, सन्तोषी देवी, जमन सिंह, पूरन प्रकाश, प्रेम प्रकाश, गौरव कुमार, सचिन उप्रेती, शिवांग विद्यार्थी, भावना विद्यार्थी, पल्लवी उप्रेती, आरुष, दीपिका, मानस, मोहित, नितिन, दिव्यांशु चौनाल, दीपांशु एवं रोहित लोहिया सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *