जिलाधिकारी अल्मोड़ा व विधायक ने निर्माणाधीन रोडवेज वर्कशॉप एवं प्रस्तावित बस अड्डा भूमि का किया निरीक्षण।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। रानीखेत तहसील अंतर्गत ताड़ीखेत में निर्माणाधीन उत्तराखण्ड परिवहन निगम के वर्कशॉप तथा प्रस्तावित बस अड्डे का जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वर्कशॉप हेतु चयनित भूमि तथा प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रोडवेज कार्यशाला (वर्कशॉप) के लिए पहुंच मार्ग के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा सड़क निर्माण हेतु उपयुक्त मार्ग का चयन किया गया। चयनित मार्ग के निर्माण के लिए युवा कल्याण विभाग के निष्क्रिय एवं जर्जर भवन को ध्वस्त कर वहां से निकास मार्ग विकसित किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही कार्यशाला का प्रवेश मार्ग ताड़ीखेत मार्केट की ओर से प्रस्तावित किया गया।

जिलाधिकारी ने प्रस्तावित मार्ग पर मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों एवं कारीगरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला परिसर में कैंटीन तथा अन्य आवश्यक दुकानों की व्यवस्था विकसित करने के संबंध में भी निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने वनभूमि हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाकर प्रस्ताव का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं विधायक ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट) दीक्षिता जोशी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनीता चंद, वन विभाग की उप प्रभागीय अधिकारी काकुल पुंडीर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *