स्याल्दे में मूलभूत सुविधाओं को लेकर गरमाई क्षेत्र पंचायत बैठक।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 95 ग्राम प्रधानों एवं 36 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पानी, सड़क और बिजली की समस्याएं प्रमुख मुद्दों के रुप में सामने आईं। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध न कराए जाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया।
बैठक में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर कई ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों के समक्ष जलापूर्ति संबंधी समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान पर जोर दिया।
वहीं दूसरी ओर बिजली की समस्या को लेकर भी काफी बहस और तकरार देखने को मिली। नैल, बाजखेत, महरोली और इक्कूखेत क्षेत्रों में लगातार बनी हुई विद्युत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने विभाग से जल्द सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
ग्राम प्रधान विश्राखेत प्रकाश कठायत ने ऊर्जा निगम के कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि लाइनमैन फोन नहीं उठाते हैं तथा दिन में 10 से अधिक बार बिजली कटौती होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि कई गाँवों में आज तक जर्जर विद्युत पोल नहीं बदले गए हैं, जिससे बिजली के तार झूल रहे हैं और अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
जिला पंचायत सदस्य किशोर बवाड़ी ने भी अपने क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
सड़क से जुड़े मुद्दों पर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभाग से सवाल किया कि पिछली आपदा के बाद से अब तक कई सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया है। अनेक मार्गों का डामर और सोलिंग उखड़ चुकी है तथा सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी नहीं हो पाया है।
जनप्रतिनिधियों ने देघाट-जौरासी-पत्थरखोला-बबलिया सहित नव निर्मित मोटर मार्गों में शीघ्र सुधार और डामरीकरण की मांग उठाई। इस पर अधिकारियों ने बताया कि नए मार्गों में डामरीकरण का कार्य शीघ्र कराया जाएगा, जबकि अन्य सड़कों के कार्यों के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं है।
क्षेत्र पंचायत बैठक में स्वास्थ्य, सड़क, जल संस्थान, विद्युत, वन, शिक्षा, बाल विकास, उद्यान तथा पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के कुल 81 अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र नेगी, विधायक प्रतिनिधि हरिराम आर्या, जिला परियोजना अधिकारी के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, तहसीलदार आबिद अली, खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख संगीता ढौंडियाल, कनिष्ठ प्रमुख दुर्गा ढौंडियाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



