जिला फार्मेसी अधिकारी नवीन चंद्र जोशी को सीएचसी भिकियासैंण में दी गई भावभीनी विदाई।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पंडित हरगोविंद पंत राजकीय जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में जिला फार्मेसी अधिकारी नवीन चंद्र जोशी के सेवानिवृत्ति उपरांत विदाई समारोह के बाद शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिकियासैंण में भी उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में लगभग 42 वर्षों तक निष्पक्षता, लगन और ईमानदारी के साथ सेवाएं देने के उपरांत उन्होंने राजकीय सेवा से सेवानिवृत्ति ग्रहण की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में नवीन चंद्र जोशी ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद भावुक और विशेष है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 31 दिसंबर 1984 को जनपद पिथौरागढ़ के राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय क्विटी (मुनस्यारी) में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी। उस समय उनके मन में अनेक सपने और उत्साह थे। आज पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एहसास होता है कि सहकर्मियों, वरिष्ठ अधिकारियों और परिवार के सहयोग के बिना यह लंबा सफर संभव नहीं था।

उन्होंने कहा कि सेवा काल के दौरान अनेक उतार-चढ़ाव, चुनौतियां और परिस्थितियां सामने आईं, लेकिन प्रत्येक अनुभव ने उन्हें बेहतर पेशेवर और बेहतर इंसान बनने में मदद की। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों, प्रमुख अधीक्षकों, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सहायकों, फार्मेसी अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, अन्य विभागीय कार्मिकों, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने अपने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सहकर्मियों को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी ने हर कदम पर उनका साथ निभाया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सेवा काल के दौरान अनजाने में किसी का दिल दुखा हो तो वे उसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं।

नवीन चंद्र जोशी ने कहा कि विभाग से विदा होने के बाद वे अपने साथ सहकर्मियों का प्यार, सम्मान और शुभकामनाएं लेकर जा रहे हैं। उनके अनुसार यह जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है, जिसमें वे अपने परिवार, स्वजनों, मित्रों और अपने शौकों को अधिक समय देंगे।

उन्होंने चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उन्नति और सफलता की कामना करते हुए कहा कि विभाग दिन-दोगुनी और रात-चौगुनी प्रगति करते हुए नई ऊंचाइयों को छुए। अंत में उन्होंने सभी के प्यार, सम्मान और सहयोग के लिए हृदय से “जय हिंद” का उद्घोष किया।

उल्लेखनीय है कि नवीन चंद्र जोशी ने विभाग में लगभग 42 वर्षों तक कर्तव्यनिष्ठा, लगन, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ जनहितकारी सेवाएं प्रदान कीं। उनकी सेवा का एक विशेष पहलू यह भी रहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में कभी भी चिकित्सा अवकाश ग्रहण नहीं किया, जो उनकी कार्यनिष्ठा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है।

मालूम हो कि नवीन चंद्र जोशी मूल रुप से विकासखंड भिकियासैंण के विनायक क्षेत्र के निवासी हैं।

विदाई समारोह में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमजद खान, डॉ. अजय तिवारी, डॉ. शुभम सोल्याल, डॉ. मेघा, डॉ. आकाश, डॉ. अनुश्वेता, डॉ. महेंद्र, चीफ फार्मासिस्ट ललित नेगी, गणेश चंद्र, जयंती जोशी, दीपा मावड़ी, शांति देवी, मदन रावत सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *