NEET पुनर्परीक्षा हेतु नैनीताल पुलिस की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ड्यूटीरत पुलिस बल को किया ब्रीफ।

हल्द्वानी (नैनीताल)। दिनांक 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा (Re-Examination) को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु जनपद पुलिस द्वारा बहुस्तरीय सुरक्षा एवं कड़ी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा जनपद के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा एवं मुखानी क्षेत्र स्थित कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 4,080 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही पूरे परीक्षा क्षेत्र को 5 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है।

सुरक्षा का खाका: सुपर जोनल से लेकर सेक्टर अधिकारियों की तैनाती रहेगी।

आंतरिक सुरक्षा: परीक्षा केंद्रों के भीतर 11 उपनिरीक्षक, 27 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 26 महिला कांस्टेबल, 12 एलआईयू (LIU) कार्मिक और 11 होमगार्ड तैनात रहेंगे।

बाहरी सुरक्षा: केंद्रों के बाहर 11 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 11 कांस्टेबल, 12 महिला कांस्टेबल और 22 सीएपीएफ (CAPF) के जवान मुस्तैद रहेंगे।

गोपनीय सामग्री की सुरक्षा: स्ट्रॉन्ग रुम से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित लाने-ले जाने के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट लगाई गई है, जिसमें पुलिस लाइन से 22 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 22 CAPF जवान तैनात रहेंगे।

इसी परिप्रेक्ष्य में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा शनिवार सायं हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में NEET परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों को ब्रीफ किया गया।

परीक्षा को लेकर दिए गए कड़े दिशा-निर्देश —

सघन जाँच (फ्रिस्किंग): प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ-साथ परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ की भी अनिवार्य जाँच होगी। सभी केंद्रों पर DFMD, HHMD और मेटल डिटेक्टर के जरिए जाँच की जाएगी। टॉर्च के माध्यम से विशेष रुप से ब्लूटूथ व सूक्ष्म ईयर डिवाइस की जांच की जाएगी। बाहरी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी लगातार परीक्षा संबंधी निर्देशों का अनाउंसमेंट करते रहेंगे।

लापरवाही बरतने पर होगी कठोर कार्रवाई:
सभी ड्यूटीरत फोर्स को सख्त चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्यथा कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था:
महिला अभ्यर्थियों की गरिमा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पृथक (अलग) एनक्लोजर में संवेदनशीलता के साथ जाँच की जाएगी।

प्रतिबंधित सामग्री:
मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर अथवा कोई भी हिडन कैमरा/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र के भीतर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

तकनीकी निगरानी:
सभी केंद्रों पर जैमर सिस्टम को सक्रिय रखा जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी।

सॉल्वर गैंग और अफवाहों पर रहेगी नजर:
नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए एसओजी (SOG), साइबर सेल और एलआईयू को सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी लगातार निगरानी की जा रही है।

आस-पास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग और रुट प्लान:
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इस परिधि में धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर अथवा किसी भी प्रकार के व्यवधान की अनुमति नहीं होगी। किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई अन्य बैठक एवं कार्य संचालित नहीं होंगे।

सभी थाना प्रभारियों को रात्रि से ही अपने-अपने क्षेत्रों के होटलों, रिजॉर्ट, ढाबों, होम-स्टे, गेस्ट हाउसों, वाई-फाई एवं साइबर कैफे/फोटोकॉपी दुकानों की सघन जाँच करते हुए किसी भी अनियमितता पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र में घुमंतू एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी बैरियर पर भी सघन चेकिंग की जाएगी।

यातायात व्यवस्था रहेगी सुचारु:
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल, सीपीयू (CPU) और डायल-112 की टीमें लगातार मूवमेंट में रहेंगी। सभी सेक्टर पुलिस अधिकारी प्रातः 9:00 बजे से ही मोर्चा संभाल लेंगे। आपात स्थितियों के लिए सभी थानों में रिजर्व पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

नैनीताल पुलिस की अपील:
नैनीताल पुलिस परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी परीक्षार्थी एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

ब्रीफिंग में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, तथा सीओ हल्द्वानी अमित कुमार ने भी परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट एसएसबी निखिल राज, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल राजकुमार बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, नोडल अधिकारी NTA अंजू सिंह, नोडल अधिकारी NTA बाबू राम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *