हल्द्वानी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, डीएम और एसएसपी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भव्य योग शिविर।

“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने लिया निरोगी रहने का संकल्प।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का संदेश— प्रतिदिन 30 मिनट योग को दें, स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन की ओर बढ़ें।

हल्द्वानी (नैनीताल)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में जनपद स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस वर्ष योग दिवस की निर्धारित थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” को आत्मसात करते हुए प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

शिविर में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. त्रिलोक बिष्ट एवं मुख्य प्रशिक्षक डॉ. कंचन सूंठा सहित आयुष विभाग की विशेषज्ञ टीम डॉ. गुंजन, डॉ. मीरा जोशी, डॉ. माया वर्मा, डॉ. प्रीति टोलिया, डॉ. दिवाकर सिंह एवं डॉ. सुरीती द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों तथा प्राणायाम मुद्राओं का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक लाभ, मानसिक शांति, पुलिस सेवा के दौरान तनाव प्रबंधन तथा गंभीर बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।

एसएसपी नैनीताल का संदेश: “योग करें, निरोगी रहें।”
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि आज 21 जून को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। पिछले एक दशक से अधिक समय में योग केवल भारत तक सीमित न रहकर वैश्विक स्तर पर एक प्रभावी जीवनशैली के रुप में स्थापित हुआ है। आज दुनिया के 150 से अधिक देश भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य विरासत को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में, विशेष रुप से पुलिस बल और आम नागरिकों के लिए योग मानसिक शांति एवं शारीरिक दृढ़ता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए निकालने और अपनी दिनचर्या में आसन, प्राणायाम तथा ध्यान को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग न केवल बीमारियों से दूर रखता है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रुप से ऊर्जावान और तनावमुक्त भी बनाता है।

प्रतिभागियों में दिखा उत्साह:
मुख्य आयोजन स्थल मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में आयोजित योग शिविर में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों तथा युवाओं ने सहभागिता करते हुए योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी नैनीताल निर्मला पंत, आयुष विभाग नैनीताल की समस्त चिकित्सक एवं पैरामेडिकल टीम, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।

इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थानों, चौकियों, अग्निशमन इकाइयों तथा पुलिस लाइंस में भी विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *