धनगढ़ी और पनोद नाले पर बने पुलों से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत, बरसात में सुगम होगा आवागमन — श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत।
रामनगर (नैनीताल)। वर्षों से चली आ रही मांग के बाद धनगढ़ी और पनोद नाले पर पुल निर्माण कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलने जा रही है। श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ने दोनों पुलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान कैलाश पंत ने कहा कि बरसात के समय धनगढ़ी और पनोद नालों में जलस्तर बढ़ जाने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था तथा यातायात बार-बार बाधित हो जाता था। बरसात के मौसम में कई बार लोगों को जान का जोखिम उठाना पड़ता था और कुछ मामलों में जनहानि भी हुई थी। उन्होंने कहा कि आज धनगढ़ी पुल के निर्माण से बाइक, बस एवं अन्य वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हो गई है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र के लोगों के लिए इन पुलों का निर्माण लंबे समय से एक महत्वपूर्ण आवश्यकता थी, जो केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से संभव हो पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पनोद नाले पर बने पुल से भी जल्द ही यातायात शुरु हो जाएगा।
कैलाश पंत ने कहा कि नए पुलों के निर्माण से लोगों के मन में बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं का भय काफी हद तक समाप्त हुआ है तथा पूरे क्षेत्र को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने भी पुल निर्माण को क्षेत्र के विकास और सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




