अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम।
लमगड़ा (अल्मोड़ा)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय में कार्यरत योग प्रशिक्षक दीपक कुमार ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा आस-पास के क्षेत्र से आए लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर दीपक कुमार ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व एवं इसके नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा शरीर रोगों से लड़ने में अधिक सक्षम बनता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगासन एवं प्राणायाम में भाग लिया तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरुकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने एवं समाज में योग के प्रति जागरुकता फैलाने की अपील के साथ हुआ।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




