शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के परिजनों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की भेंट।

पांडेखोला स्थित आवास पहुंचकर व्यक्त की शोक संवेदना, हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन।

अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सैन्य अभियान के दौरान बीते दिनों वीरगति को प्राप्त 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के अल्मोड़ा स्थित पांडेखोला आवास पर आज रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में एकजुट होकर परिस्थितियों का सामना करने की हिम्मत दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में दिया गया लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।

ज्ञात हो कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह जनपद अल्मोड़ा में अंतिम विदाई दी गई थी।

इस दौरान मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *