मोहर्रम को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट: संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी, देर रात से सुबह तक चला विशेष चेकिंग अभियान।

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े एवं प्रभावी इंतजाम किए गए हैं।

ड्रोन कैमरों से अभेद्य निगरानी:
मोहर्रम के जुलूसों एवं संवेदनशील मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी की जा रही है। हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआं, कालाढूंगी एवं रामनगर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पल-पल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

देर रात से सुबह तक चला विशेष चेकिंग अभियान:
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देर रात 11:00 बजे से प्रातःकाल तक विशेष ‘नाइट चेकिंग अभियान’ चलाया गया। अभियान के दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, जोनल अधिकारी, नाइट अधिकारी एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की।

कंट्रोल रुम से 24 घंटे सतत मॉनिटरिंग:
सिटी कंट्रोल रुम को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रखा गया है। जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों की लाइव फीड के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय:
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में मोहर्रम आयोजकों एवं ताजिया कमेटियों के साथ लगातार संवाद एवं समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत धार्मिक स्थलों की चेकिंग:
‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत देर रात्रि से लेकर शुक्रवार प्रातः तक जनपद के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील धार्मिक स्थलों की प्रभावी चेकिंग की गई।

धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी:
चेकिंग के साथ-साथ सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं उनके आस-पास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

एसएसपी नैनीताल की आमजन से अपील:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपदवासियों से शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा न करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *