अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स दिवस पर भतरौंजखान पुलिस ने चलाया जनजागरुकता अभियान, नशा मुक्त जीवन का दिलाया संकल्प।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स दिवस के अवसर पर थाना भतरौंजखान पुलिस द्वारा जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देशन में “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” के तहत थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में प्रभारी चौकी भिकियासैंण उपनिरीक्षक संजय जोशी एवं पुलिस टीम द्वारा चौकी क्षेत्र में जनजागरुकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय टैक्सी स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों तथा मुख्य बाजारों में पहुंचकर टैक्सी ड्राइवरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक किया। इस दौरान लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रभारी चौकी भिकियासैंण ने विशेष रुप से टैक्सी चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार का नशा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं चालक, यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य निर्दोष लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने सभी चालकों से नशा मुक्त एवं सुरक्षित सफर का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इसके साथ ही पुलिस टीम ने युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा अपने नजदीकी थाना/चौकी को दें, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *