04 जुलाई से फिर शुरु होगा ‘सेवा सप्ताह’, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर चलेगा 07 दिवसीय विशेष अभियान।

जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर, मौके पर होगा जन समस्याओं का समाधान।

अल्मोड़ा। जन समस्याओं के निराकरण के लिए गत वर्ष चलाए गए ‘जन जन की सरकार-जन जन के द्वार’ कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए प्रदेश सरकार एक बार फिर जनता के द्वार पहुंच रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 04 जुलाई 2026 से 07 दिवसीय विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होकर जन समस्याओं का निराकरण करेंगे।

सेवा, सुशासन और समर्पण की थीम पर आयोजित होने वाले इन बहुउद्देशीय शिविरों की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन बहुउद्देशीय शिविरों के प्रति गंभीरता दिखाएं और अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिकारी स्वयं प्रतिभाग करें तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्य भी मौके पर ही उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने बहुउद्देशीय शिविरों के सफल संचालन के लिए विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कीं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य कार्यक्रम 04 जुलाई 2026 को मल्ला महल में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हो सके और अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.एन. तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *