03 किमी सड़क के लिए 13 वर्षों से इंतजार, बीमारों को आज भी डोली के सहारे पहुंचाना पड़ रहा अस्पताल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण व ब्लॉक ताड़ीखेत अंतर्गत ग्राम सगीना, नौगाँव के लोग बीते 13 वर्षों से 03 किमी लिंक मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2014-15 में सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद भी सड़क धरातल पर नहीं उतर सकी है। सड़क नहीं होने के कारण गंभीर बीमार लोगों को डोली से सड़क तक पहुंचाना ग्रामीणों की मजबूरी बन गया है।
इसी क्रम में सोमवार शाम को सगीना गाँव की 71 वर्षीय पुष्पा देवी की अचानक तबीयत खराब होने पर गाँव के युवाओं व महिलाओं ने उन्हें डोली के सहारे करीब डेढ़ किमी की चढ़ाई चढ़ाकर चमड़खान सड़क तक पहुंचाया, ताकि उन्हें रानीखेत अस्पताल ले जाया जा सके।
सड़क नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का ऐलान किया है। ग्रामीणों की लंबी मांग के बाद सौगड़-पंतगाँव-चमड़खान-सगीना-नौगाँव-लछमोला लिंक मार्ग के 03 किमी निर्माण कार्य को सरकार से वर्ष 2014-15 में स्वीकृति मिली थी। तत्पश्चात वर्ष 2016 में प्रथम चरण के निर्माण हेतु ₹15.75 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई थी।
पूर्व सैनिक तथा सगीना गाँव नवनिर्माण समिति के अध्यक्ष खुशाल सिंह नेगी ने जानकारी दी कि निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग रानीखेत में दिसंबर 2024 में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य आज तक शुरु नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि लगातार शासन-प्रशासन से मांग करने के बावजूद ताड़ीखेत ब्लॉक के सगीना और नौगाँव के लोग सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहीं होने से मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी काश्तकारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व सैनिक खुशाल सिंह नेगी, नंदन सिंह, ललित सिंह, राम सिंह, मोहन सिंह, बिनू सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे तथा किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को गाँव में प्रचार करने की अनुमति नहीं देंगे। इसके लिए जल्द ही ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।



