नौला-मानिला पम्पिंग पेयजल योजना को लेकर भिकियासैंण तहसील मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन।
14 जुलाई तक मांगें पूरी न होने पर भूख हड़ताल और विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नौला-मानिला पम्पिंग पेयजल योजना को लेकर विनायक क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने भिकियासैंण मुख्य बाजार बड़ियाली में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसील मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 60 गाँवों के लोगों ने भागीदारी करते हुए शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी ज्वलंत मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।
तत्पश्चात प्रदर्शनकारियों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नौला-मानिला देवी पेयजल योजना को पूर्ववत संचालित रखने, गाँवों की वितरण व्यवस्था में सुधार करने तथा नौला एवं डोब पम्प हाउस पर स्टेबलाइजर लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही क्षेत्र की तीन अधूरी सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग भी उठाई गई।
इससे पूर्व आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 14 जुलाई 2026 तक उनकी मांगों पर सार्थक पहल नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता तहसील मुख्यालय पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरु करेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। वहीं बैठक में उपस्थित लोगों ने यह भी कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगामी विधानसभा चुनावों के बहिष्कार का निर्णय भी लिया जाएगा।
सभा को उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल, पूर्व प्रमुख भगवती रिखाड़ी, सूबेदार मेजर हिम्मत सिंह अधिकारी, सूबेदार लक्ष्मण सिंह बिष्ट, बहादुर सिंह रावत, किशन सिंह रावत, प्रेम सिंह अधिकारी, राजेन्द्र सिंह रावत, डॉ. बी.डी. सती, ग्राम प्रधान द्यौना अंजलि नेगी, ग्राम प्रधान टाना नवीन सिंह मेहरा, ग्राम प्रधान ढूंगा दीवान सिंह अधिकारी, ग्राम प्रधान कमराड़ प्रदीप कुमार, ग्राम प्रधान सनणें आनंद पंत, ग्राम प्रधान सिंगोली सुरेश सती, ग्राम प्रधान उणुली प्रकाश सिंह नेगी, ग्राम प्रधान अमोली रमेश चंद्र सती, ग्राम प्रधान इण्डा कृपाल सिंह रावत, नरेंद्र सिंह बिष्ट (बौली), राजेन्द्र सिंह बिष्ट (इण्डा), बालम सिंह (बेल्टी), भुवन सिंह अधिकारी, इन्द्र सिंह भण्डारी, नवीन चन्द्र मठपाल, जगत सिंह बिष्ट, प्रयाग शर्मा सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया। बैठक का संचालन तुला सिंह तड़ियाल ने किया।



