कर्णप्रयाग-चौखुटिया-रामनगर मार्ग पर अनियंत्रित होकर खेत में उतरी जीएमओयू बस, बड़ा हादसा टला; दो बच्चे मामूली घायल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। कर्णप्रयाग-चौखुटिया-रामनगर मोटर मार्ग पर कर्णप्रयाग से रामनगर जा रही जीएमओयू की एक यात्री बस शुक्रवार शाम करीब 03 बजे चौखुटिया से लगभग 5 किमी आगे पटलगाँव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में करीब 16 यात्री सवार थे। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में दो बच्चों को मामूली चोटें आईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बस चालक ने बताया कि वाहन अचानक एक ओर खिंचने लगा, जिसके कारण बस सड़क से उतरकर खेत में चली गई। चालक के अनुसार बस को रोकने के लिए ब्रेक लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन समय पर नहीं रुक सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों की सहायता की। फिलहाल हादसे के कारणों की जाँच की जा रही है।



