उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में 54 लाख रुपये के गबन का खुलासा, कैशियर गिरफ्तार।

फर्जी हस्ताक्षर और नकली वाउचर से खाताधारकों की उड़ाई रकम।

टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड)। टिहरी जिले में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में करीब 54 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी हस्ताक्षरों और नकली निकासी वाउचरों के माध्यम से खाताधारकों के खातों से करीब 54 लाख रुपये की अवैध निकासी कर गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है। मामले में गबन की पूरी राशि, धन के प्रवाह तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जाँच जारी है।

पुलिस के अनुसार, बीती 30 जून 2026 को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने थाना छाम में ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए बैंक में बड़े वित्तीय घोटाले की जानकारी दी थी। बैंक की आंतरिक ऑडिट और जाँच समिति की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षरों और नकली निकासी वाउचरों के जरिए करीब 54 लाख रुपये की अवैध निकासी कर गबन किया है।

शिकायत मिलते ही थाना छाम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरु कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी और क्षेत्राधिकारी चंबा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने बैंक के अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों, वित्तीय लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से जाँच की।

जाँच के दौरान यह भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने व्यक्तिगत बैंक खाते के अलावा अपने रिश्तेदारों के खातों में भी स्थानांतरित किया था। पर्याप्त दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने देहरादून में दबिश देकर 02 जुलाई 2026 को आरोपी अभिलाष शर्मा पुत्र विजय शर्मा, निवासी शक्ति कॉलोनी, प्रेमनगर रोड, बड़ोवाला, देहरादून को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि बैंक प्रबंधन की शिकायत और ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जाँच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने अलग-अलग खाताधारकों के फर्जी हस्ताक्षर कर नकली निकासी वाउचर तैयार किए और उनके माध्यम से धनराशि निकालकर अपने तथा रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित कर दी। उन्होंने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभिलाष शर्मा इस मामले का मुख्य आरोपी पाया गया है।

एसएसपी ने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जाँच की जा रही है कि इस गबन में कोई अन्य व्यक्ति या बैंक का कर्मचारी शामिल था या नहीं। पुलिस पूरे फंड फ्लो की जाँच कर रही है, ताकि गबन की गई राशि की रिकवरी के साथ-साथ इस पूरे नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके।

इस घोटाले को लेकर खाताधारकों में काफी रोष व्याप्त है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *